जीटी रोड पर होटल में रेड, तीन जोड़े, मालिक और मैनेजर गिरफ्तार
अमृतसर/रईया/बाबा बकाला | देहाती पुलिस ने जालंधर जीटी रोड पर खिलचियां के पास स्थित एक होटल में चल रहे देह व्यापार के धंधे पर रेड कर होटल मालिक, उसके मैनेजर समेत तीन जोड़ों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया।
एसएसपी देहाती परमपाल सिंह के अनुसार, कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि होटल में गैरकानूनी काम होता है। होटल मालिक और मैनेजर यहां ग्राहकों से मोटी रकम लेकर उन्हें लड़कियां मुहैया करवाते हैं। यहां जोड़ो को घंटे के हिसाब से पैसे लेकर भी कमरे दिए जाते हैं। बुधवार को भी सूचना मिली कि होटल मालिक की ओर से पैसे लेकर लड़के-लड़कियों को कमरे मुहैया करवाए गए हैं। इसलिए डीएसपी लखविंदर सिंह और इंस्पेक्टर किरणदीप सिंह की अगवाई में टीम बनाकर होटल पर छापा मारा गया। एसएसपी ने कहा कि होटल मालिक मनजीत पाल सिंह, उसके मैनेजर कंवरप्रीत सिंह और अन्य जोड़ों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मौके से भागे होटल मालिक के बेटे संदीप सिंह को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं।