पुतलीघर में आरओ का पानी फेल, निगम का पास
जिला सेहत अफसर (डीएचओ) डॉ. लखबीर सिंह भागोवालिया की अगुवाई में टीम ने बुधवार को पुतलीघर व इस्लामाबाद इलाके में सप्लाई होने वाले नगर निगम के पानी और प्राइवेट आरओ के पानी के सैंपल लिए। इनमें से निगम का पानी सही पाया गया मगर सैंपलिंग में लोगों के घरों में लगे आरओ का पानी फेल हो गया।
डॉ. भागोवालिया ने बताया कि उनकी टीम ने पुतलीघर और इस्लामाबाद इलाके में पानी के 27 सैंपल भरे। इनमें से 10 सैंपल अलग-अलग लोगों द्वारा अपने घरों में लगवाए गए आरओ और 9 नगर निगम की ओर से सप्लाई किए जाने वाले पानी के थे। आरओ के पानी में टोटल डिजॉल्व साल्ट (टीडीएस) की मात्रा 18 से 60 के बीच रही। इस लिहाज से यह पानी शुद्ध तो था मगर इससे मिनरल गायब थे। इसके विपरीत नगर निगम के पानी का टीडीएस 300 से 510 तक पाया गया। डॉ. भागोवालिया ने बताया कि अगर पानी में 300 से 650 तक टीडीएस हो तो वह सही होता है। 600 से 900 टीडीएस वाला पानी भी इस्तेमाल किया जा सकता है मगर 900 से 1200 टीडीएस वाला पानी मानव शरीर के लिए खतरनाक है। इसी तरह 300 से कम डीटीएस वाला पानी शुद्ध तो होता है मगर उसके मिनरल खत्म हो जाते हैं। ऐसे पानी के इस्तेमाल से जोड़ों, लीवर, किडनी और आंख की बीमारियां होती हैं। डॉ. भागोवालिया ने इस इलाके में रहने वाले लोगों को सलाह दी कि वह आरओ का पानी इस्तेमाल करने से बचें।