जलियांवाला बाग कांड शताब्दी वर्ष का आगाज देश भर से शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोग
13 अप्रैल 1919 के दिन हुए जलियांवाला बाग कांड की 99वीं वर्षगांठ शुक्रवार को श्रद्धा भावना के साथ मनाई गई। इस समागम में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच लोगों ने बलिदानी स्वाधीनता सेनानियों को याद किया। लंबे अर्से बाद यह पहला मौका रहा जब इस आयोजन के मौके पर पूरा बाग खचाखच भरा था और मंच पर लेक्चर की बजाय नाटक खेल कर देशवासियों को बर्तानवी हुकूमत के जुल्म को बयां किया गया।
हर साल की तरफ से इस बार भी शाम को जलियांवाला बाग ट्रस्ट की तरफ से आयोजन हुआ और उसमें सभी पार्टियों के नेताओं, नुमाइंदों और फ्रीडम फाइटर परिवारों ने शिरकत की। आयोजन में आर्टिस्ट वेलफेयर सोसायटी की पहल पर नाटक पेश किया गया।
पार्टियां एकजुट होकर मनाएं शताब्दी वर्ष
समागम में पहुंचे कम्युनिस्ट नेता विजय शर्मा ने सभी पार्टियों से अपील की कि शताब्दी वर्ष शुरू हो चुका है और 100 पूरे होने पर जो समागम होगा उसको सभी मिल कर बड़े पैमाने पर मनाएं। उनका कहना था कि अगर पार्टियां नहीं सहयोग कर सकतीं तो उनकी पार्टी को जिम्मेदारी दी जाए वह पूरे देश से लोगों को एकत्र करेगी। लखनऊ से आए अदनान अब्दुल बाली ने अपने पूर्वजों द्वारा लड़ी गई आजादी की लड़ाई और बाग तक पहुंचने का जिक्र किया। इसी तरह से बनारस से पहुंचे नरेंद्र कपूर ने अपने दादा की शहादत तथा पड़दादा के जख्मी होने की घटना का जिक्र किया। इन सभी ने जोर देकर कहा कि आज देश को उसी तरह की एकजुटता की जरूरत है जो आजादी के दौर में थी।
जलियांवाला बाग में शहीदों को सलामी देते पुलिस के जवान।
जलियांवाला बाग में नाटक पेश करते कलाकार। फोटो | भास्कर
जलियांवाला बाग में नाटक पेश करते कलाकार। फोटो | भास्कर
इन्होंने ने दी
श्रद्धांजलि
समागम में शहीदी स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि भेंट करने के लिए सांसद गुरजीत सिंह औजला, विधायक डॉ. राज कुमार वेरका, विधायक सुनील दत्ती, कांग्रेस के जिला प्रधान जुगल किशोर शर्मा, पूर्व मेयर बख्शीराम अरोड़ा, सीनियर डिप्टी मेयर रमन बख्शी, पार्षद मोती भाटिया, पूर्व मंत्री प्रो. लक्ष्मीकांता चावला, चित्रकार माला चावला, जलियांवाला बाग मार्केट एसोसिएशन के प्रधान मनमोहन कुंद्रा, समाज सेविका स्वराज ग्रोवर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री लीला वर्मा, एडीसी रविंदर सिंह आदि पहुंचे हुए थे। सारा आयोजन जलियांवाला बाग ट्रस्ट के सचिव एसके मुखर्जी की अगुवाई में किया गया।
...और माइकल ओ,डायर
को मार कर लिया बदला
नाटक में कलाकारों ने जलियांवाला बाग कांड के घटनाक्रम, ऊधम सिंह द्वारा माइकल ओ,डायर को मार कर बदला लेने की घटना को बड़े ही जीवंत तरीके से पेश किया गया। इसमें देश के वर्तमान हालात पर भी रोशनी डाली गई।