2 रुपए किलो वाले गेहूं के वसूले जा रहे 3 रु.
ब्लॉक चौगांवा के गांव चविंडा कलां के नीले कार्ड होल्डरों ने सरकारी आटा दाल स्कीम के तहत मिलने वाले सरकारी गेहूं के अधिक पैसे वसूल किए जाने का आरोप लगाया है। गांव निवासी तरसेम सिंह, बीरो, मेजर सिंह, कश्मीर सिंह, प्रेम सिंह, खुशहाल सिंह ने कहा कि उनके डिपो होल्डर सुनीता रानी की तरफ से सरकारी अनाज के दो रुपए की जगह तीन रुपए वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं उन्हें यह तक भी कह दिया गया कि उनके नीले कार्ड काट दिए गए हैं, जबकि उन्होंने चेक किया तो उनके ऑनलाइन कार्ड चढ़े हुए हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि यह सब विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से ही हो रहा है, क्योंकि सरकारी अनाज बांटने की जिम्मेदारी फूड इंस्पेक्टरों की ही होती है। इस संबंधी उन्होंने फूड सप्लाई की डायरेक्टर आनंदिता मित्रा के साथ-साथ डिस्ट्रिक फूड सप्लाई कंट्रोलर सतवीर सिंह को भी अवगत करवा दिया गया और सोमवार से इस मामले की जांच करने के लिए एक टीम गांव जाएगी।
3 रु. नहीं वसूले : डिपो होल्डर
डिपो होल्डर दविंदर कुमार का कहना है कि उन्होंने किसी से भी 3 रुपए नहीं वसूले। बाकी नीले कार्ड काटे जाने की बात है तो जो लोग कह रहे हैं उनके नीले कार्ड हैं, उनके विभाग की तरफ से काट दिए गए हैं।
जांच होगी : डीएफएससी
डिस्ट्रिक फूड सप्लाई कंट्रोलर सतवीर सिंह का कहना है कि उन्हें किसी उपभोक्ता के माध्यम से फोन आया था। मामला ध्यान में आ गया है और इसकी जांच करवाई जाएगी।