तीन महीने पहले ग्रीन एवेन्यू में मां और बच्चे को जख्मी कर पर्स छीनने वाले दोनों लुटेरे गिरफ्तार
ग्रीन एवेन्यू में 17 जनवरी को आरोपी बाइक पर पीछे से आकर महिला से पर्स छीन ले गए थे। इस दौरान आरोपियों ने महिला को जमीन पर पटक दिया था। उस समय महिला ने बच्चा भी हाथ में उठाया हुआ था। दोनों के चेहरे सीसी फुटेज में दिख गए थे।
स्नैचरों को दबोचने के लिए सिविल ड्रेस में तैनात किए मुलाजिम
डीसीपी अमरीक सिंह पवार और एडीसीपी हरजीत सिंह धालीवाल ने बताया कि स्नैचरों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार उनकी टीमें शहर में गश्त पर रहती हैं। इस समय नई योजना के मुताबिक सिविल में उनके मुलाजिम शहर में तैनात हैं, जिनके जरिए ही स्नैचरों को पकड़ने में मदद मिल रही है। पकड़े गए दोनों लुटेरे करीब छह महीनों से वारदात कर रहे थे। इन्होंने कई अन्य बड़ी वारदातें भी कबूली हैं। अब इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि और भी रिकवरी की जा सके। इसके अलावा एक अन्य लुटेरे रोशन सिंह निवासी जंडियाला को भी गिरफ्तार किया गया है। उससे एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक रिकवर की गई है। इस लुटेरे ने पूछताछ में बताया है कि बबल और साबी नाम के दो लुटेरों के साथ मिलकर अपना गैंग बनाया हुआ है। ये लुटेरे हाईवे से कारें लूटने, शहर में आकर महिलाओं व बुजुर्गों से पर्स आदि छीनने की वारदात करते हैं। रविवार को आरोपी रणजीत एवेन्यू में वारदात करने वाले थे।
मंत्री नवजोत सिद्घू भी गए थे पीड़ित महिला के घर
17 जनवरी 2018 की दोपहर को जब गरिमा मेहरा अपने बच्चे के साथ जा रही थी। दोनों लुटेरों ने गरिमा और उसके बच्चे को जमीन पर गिरा कर जख्मी कर दिया था और पर्स छीन कर ले गए थे। उसी दौरान वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हो गई थी, जो कि सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी गरिमा के घर गए थे और उसके पिता को लुटेरों को पकड़ने का भरोसा दिलाया था।