रणजीत एवेन्यू, फतेहगढ़ चूड़ियां, दबुर्जी फ्लाइओवर 2 महीने में शुरू होंगे
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की ओर से दबुर्जी से अटारी तक जाते बाइपास पर बनाए जा रहे 8 फ्लाइओवर में से 3 पुलों का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और यह अगले दो महीने में जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। इससे बाहरी राज्यों से अटारी बाॅर्डर या एयरपोर्ट तक जाने वाले लोगों को रास्ते में पड़ते चौकों की भीड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा। वे दबुर्जी से गुमटाला बाइपास तक सिर्फ 12 मिनट में पहुंच जाएंगे, जबकि पहले करीब 25 मिनट लगते हैं। गौरतलब है कि मजीठा और वेरका बाइपास चौक पर बनाए गए दो फ्लाइओवर अभी एक महीने पहले ही जनता के लिए खोले गए हैं।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी इंजीनियर विग्नेश कलसी का कहना है कि दबुर्जी चौक शुरू होते बाइपास रोड पर बन रहे फ्लाइओवर और फतेहगढ़ चूड़ियां पुल का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। दबुर्जी चौक पुल का 80 प्रतिशत तक काम कंप्लीट हो चुका है। बाकी काम एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा फतेहगढ़ चूड़ियां के पुल का काम भी लगभग कंप्लीट हो चुका है। इसके काम को पूरा करने के लिए दो महीने का समय लग जाएगा। रणजीत एवेन्यू स्थित अमृत आनंद पार्क के पास बन रहे फ्लाइओवर का कुछ ही काम बाकी बचा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गेट के पास बनने वाले पुल के प्रस्ताव को रद्द कर दिया है, अब उसे नहीं बनाया जाएगा।
दबुर्जी और फतेहगढ़ चूड़ियां फ्लाइओवर के स्ट्रक्चर तैयार, रणजीत एवेन्यू पुल भी कम्प्लीट होने के करीब
दबुर्जी चौक फ्लाइओवर 1 महीने में पूरा होगा। फाेटो | हरविंदर संधू
दबुर्जी से नारायणगढ़ चौक तक बाइपास पर 8 फ्लाईओवर होंगे
एनएचएआई ने दबुर्जी से नारायणगढ़ चौक तक 8 फ्लाइओवर बनाने का काम करीब तीन साल पहले शुरू किया था। इसके तहत दबुर्जी, वेरका चौक, मजीठा चौक, फतेहगढ़ चूड़ियां चौक, रणजीत एवेन्यू चौक, बाबा दर्शन सिंह का डेरा के नजदीक, रामतीर्थ रोड और नारायणगढ़ चौक छेहर्टा के पास बनाए जाने हैं। नारायणगढ़ चौक फ्लाइओवर को अब नहीं बनाया जाएगा। इसके अलावा गुमटाला बाइपास पर पहले एक पुल बना हुआ है।
8 में से 2 फ्लाइओवर का काम शुरू नहीं हुआ
बाइपास रोड से बाबा दर्शन सिंह डेरा को जाती सड़क के पास भी एक फ्लाइओवर बनाया जाना था, जिस पर अभी काम शुरू नहीं हुआ है। यही हाल रामतीर्थ रोड पर प्रस्तावित फ्लाइओवर का है। इसके अलावा इंडिया गेट नारायणगढ़ चौक के पास जो पुल बनना था, उसका प्रस्ताव रद्द कर दिया गया है।
229.34 करोड़ से बनाए जा रहे 8 पुल
दबुर्जी से नारायणगढ़ चौक तक एनएचएआई 229.34 करोड़ रुपए की लागत से 8 फ्लाइओवर बना रही है। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की अंतिम तारीख जून 2019 है। पहले यह प्रोजेक्ट 30 नवंबर 2016 तक खत्म होना था, लेकिन फारेस्ट डिपार्टमेंट से परमिशन के कारण इस प्रोजेक्ट पर काम ही एक साल देरी से शुरू हुआ। इसलिए बाद में प्रोजेक्ट को पूरा करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2017 तय की गई, जो एक बार फिर से बढ़ाकर जून 2019 कर दी गई थी और इसी डेडलाइन पर 3 पुलों के पूरा होने की पूरी संभावना है।