बुजुर्ग दादी संग रहने वाली 12 साल की बच्ची से कई बार रेप
दादी के साथ रहने वाली 12 साल की एक लड़की से दुष्कर्म के आरोप में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया। लड़की के मां-बाप की मौत हो चुकी है। आरोपी की उम्र 25 साल के आसपास है और वह हुसैनपुरा का रहने वाला है। उसने रेप करने के बाद लड़की को जान से मारने की धमकी दी जिससे वह बुरी तरह डर गई और किसी को कुछ नहीं बताया। कुछ दिनों से उसे पेट में दर्द रहने लगा था। मामले का खुलासा तब हुआ जब लड़की पेट में दर्द की बात अपनी सहेली को बता रही थी और पास में खड़ी उसकी मां ने सुन लिया। इसके बाद उस महिला ने लड़की को घर बुलाकर बात की और पुलिस को सूचित किया।
हुसैनपुरा की घटना । पेट में दर्द रहने पर सहेली को बताया, उसकी मां ने आरोपी को गिरफ्तार करवाया
12 साल की पीड़ित लड़की हुसैनपुरा चौक में अपनी बुजुर्ग दादी के साथ रहती है। कुछ साल पहले एक हादसे में उसके माता-पिता की मौत हो गई थी। कुछ दिन पहले जब वह घर बाहर खेल रही थी तो पड़ोस में किराए पर रहने वाला युवक उसे झांसा देकर अपने कमरे में ले गया और रेप किया। आरोपी ने लड़की से कहा कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसे जान से मार देगा। घबराई लड़की ने किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद आरोपी ने उसे कई बार धमकाकर कमरे में बुलाया और रेप किया। सोमवार शाम को सहेली के साथ खेलते समय उसने पेट में दर्द की बात उसे बताई जिसे पास में बैठी सहेली की मां ने सुन लिया। महिला तुरंत लड़की को अपने घर ले गई और प्यार से बैठाकर पूछा तो उसने सबकुछ बता दिया। महिला ने तुरंत पूरी बात अपने पति और मोहल्ले वालों को बुलाई जिन्होंने पुलिस में शिकायत कर आरोपी को गिरफ्तार करवाया। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऐसे दोषियों के खिलाफ सख्त कानून बने : नरेश गिल
एडवोकेट नरेश गिल ने कहा कि इस तरह के आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानून बनाने की जरूरत है। ऐसे लोगों को ऐसी सजा दी जानी चाहिए जिसके बाद कोई दूसरा ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।