गुपचुप ढंग से केस के सेक्शन बदले इंस्पेक्टर परमजीत पर केस, सस्पेंड
विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किए गए एक केस के मामले में गुपचुप तरीके से सेक्शन बदल देने और आरोपियों को बचाने की कोशिश करने के आरोप में थाना कत्थूनंगल के प्रभारी रहे इंस्पेक्टर परमजीत सिंह के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह केस ब्यूरो आॅफ इन्वेस्टिगेशन की जांच के बाद दर्ज किया गया है। इसके अलावा मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के भी आदेश जारी किए गए हैं। वहीं इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।
यह है पूरा मामला
जिला अटार्नी के पद से रिटायर हुए नरिंदर सिंह काहलों ने कस्बा मजीठा में पड़ते गांव अबदाल में एक ईंटों का भट्ठा खरीदा था। वहां पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते थे। 21 मार्च 2017 को आरोपी कुन्नन सिंह, बचित्तर सिंह, हरदीप सिंह, साधू सिंह, स्वर्णजीत सिंह, जसमेर सिंह व इनके 15-20 अज्ञात साथी हथियारों से लैस होकर भट्ठे पर आए काहलों के बेटे पर भी हमला कर जमकर तोडफ़ोड़ की थी। इसके अलावा वहां से कैश भी लूट कर ले गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 506, 447, 448, 452, 148, 149, 379 बी व अन्य धारा लगाकर केस दर्ज किया। मगर बाद में गुपचुप तरीके से इंस्पेक्टर परमजीत ने 379 बी, 506 व असलहा एक्ट की धाराओं को काट दिया और नया रिकार्ड तैयार कर दिया। इस पर काहलों ने ब्यूरो आफ इन्वेस्टिगेशन को शिकायत भेज कर जांच की मांग की। ब्यूरो आफ इन्वेस्टिगेशन के डायरेक्टर की ओर से पूरे मामले की जांच की तो उसमें क्लियर हुआ कि आरोपी इंस्पेक्टर ने बाकी के आरोपियों को बचाने की कोशिश की है और केस के तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की है। इसके तहत उसके खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए गए।