शिक्षा मंत्री से मिलने के बाद भी नहीं निकला कोई हल, आंगनबाड़ी वर्कर 19 तक जारी रखेंगे धरना
आंगनबाड़ी वर्करों द्वारा अपनी मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री ओमप्रकाश सोनी से मिलने के बावजूद भी मामले का कोई ठोस हल नहीं निकाल पाया। सोनी का कहना था कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण वह कुछ भी कर सकने में असमर्थ हैं लेकिन वर्करों की मांगों को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह तक पहुंचाएंगे और इस पर गौर करने का आग्रह करेंगे। शिक्षा मंत्री के जवाब के बाद आंगनबाड़ी वर्करों ने अपने संघर्ष को जारी रखने का निर्णय लिया है। ऑल पंजाब आंगन बाड़ी यूनियन की पंजाब महासचिव दलजिंदर कौर ने कहा कि पहले से तय किये गए कार्यक्रम के अनुसार आंगनबाड़ी वर्कर 19 मई तक शिक्षा मंत्री के घर का घेराव करेंगी। पिछले तीन दिनों से शिक्षा मंत्री के घर का बाहर हर रोज धरना दे रही आंगनबाड़ी वर्कर्ज का एक शिष्टमंडल बुधवार दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे ऑल पंजाब आंगनबाड़ी यूनियन की पंजाब प्रधान हर गोबिंद कौर की अगुवाई में ओपी सोनी को सर्किट हाऊस में मिला और मांगों को लेकर मेमोरंडम सौंपा। यह वही मेमोरंडम था जो वर्करज ने मंगलवार अपने खून से लिखा था। इससे पहले शिक्षा मंत्री के घर के बाहर धरने पर बैठी वर्करज ने अपना खून निकालकर इसे एक कटोरे में जमा किया और सरकार के कर्मचारी विरोधी रवैया की जमकर आलोचना की।
आंगनबाड़ी वर्करों का मुद्दा केबिनेट में उठाएंगे: मंत्री सोनी
शिक्षा मंत्री ओपी सोनी ने कहा है कि वह आंगनबाड़ी वर्करों का मुद्दा केबिनेट की मीटिंग में उठाएंगे। आंगनबाड़ी वर्करों व हेल्परों के लिए हरियाणा पैटर्न, 3-6 साल की उम्र का आंगनबाड़ी केंद्र जिन्हें सरकारी प्राइमरी स्कूलों में तब्दील किया गया है व कुछ और मुद्दों तथा वेतन संबंधी फैसला किया जाएगा। सोनी ने कहा कि उपचुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद यह उनका पहला एजेंडा होगा। उन्होंने आंगनबाड़ी वर्करों से अपील की कि वह अपना धरना उठा लें।