जीएनडीएच में इलाज करानेे आए पुलिस कर्मी ने दर्जा चार मुलाजिम को मारा थप्पड़
गुरु नानक देव अस्पताल में अपने किसी परिजन को इलाज करवाने आए एक पुलिस कर्मी ने दर्जा चार मुलाजिम को थप्पड़ जड़ दिया और गाली-गलौज भी की। इसके बाद दर्जा चार के मुलाजिम अपने साथी के पक्ष में खड़े हो गए हैं। इन लोगों ने मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के जरिए थाना मजीठा रोड की पुलिस को पहले कार्रवाई के लिए शिकायत कर दी है।
गुरु नानक देव दर्जा चार कर्मचारी यूनियन के मुताबिक अस्पताल में दर्जा चार मुलाजिम बिक्रमजीत सिंह आर्थो विभाग में ड्यूटी पर तैनात था। उसी दौरान उक्त मुलाजिम अपने किसी परिजन को इलाज करवाने के लिए वहां लगा। उसने मुलाजिम से उसकी ड्यूटी के अलावा काम करने को कहा तो उसने अपनी मजबूरी बताई। इसके बाद पुलिस कर्मी उसे गाली देने लगा। इस पर बिक्रम ने जब ऐतराज जताया तो वर्दी की धौंस दिखाते हुए उसे थप्पड़ों से मारने लगा। यूनियन का कहना है कि बिक्रम ने किसी तरह से भाग कर उससे पीछा छुड़ाया।
इसके बाद बिक्रम यूनियन के पास अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत लेकर आया। यूनियन के प्रधान नरिंदर कुमार, बलविंदर सिंह, राम कलफ, राजा सिंह, प्रेम चंद, जतिन शर्मा, गुरदीप सिंह, कमल कन्नौजिया, दीपक शर्मा, रवि कुमार इस घटना को लेकर मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सुरिंदर पाल के पास गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की। इसके बाद एमएस ने थाना मजीठा रोड को लिखित शिकायत भेज दी है।
उक्त मुलाजिम नेताओं ने कहा कि उनके लोग दिन-रात लोगों की सेवा करते हैं बावजूद इसके उन पर हमले होते हैं। इन लोगों ने कहा कि उनकी सुरक्षा यकीनी बनाई जाए और उक्त पुलिस मुलाजिम के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई हो नहीं तो वह लोग संघर्ष करने को मजबूर हो जाएंगे।