सरहदी युवाओं को मुफ्त सिखलाई के साथ रोजगार भी मुहैया करवाएगा सीपेट
केंद्र सरकार द्वारा संचालित सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टैक्नोलॉजी (सीपेट) अब सरहदी तथा ग्रामीण लोगों को मुफ्त सिखलाई तथा रोजगार देने को आगे आई है। इसके लिए इसी माह से रोजगारपरक मशीनी सिखलाई का काम शुरू कर दिया गया है।
सीपेट के डायरेक्टर तथा सेंटर हेड डॉ. उपेंद्रपाल सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की तरफ से शुरू की गई दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत यहां की मशीनों पर युवाओं तथा युवतियों को सिखलाई का काम शुरू कर दिया गया है। सात महीने की सिखलाई के बाद इनको विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की जिम्मेदारी संस्थान की है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए शैक्षणिक योग्यता आठवीं से दसवीं पास रखी गई है। इसमें गांवों और सरहदी इलाकों के 18 से 35 साल के लोगों को मौका दिया जाता है। इस प्रोग्राम का मुख्य मकसद उक्त इलाकों के गरीब, पिछड़े, अनुसूचित, अनुसूचित जनजाति आदि को आत्मनिर्भर बनाना है। उनका कहना है कि फिलहाल अभी तक उनके पास इस सिखलाई के लिए 70 लोग आ चुके हैं।