सोने के कारोबार के लिए मशहूर गुरु बाजार में पिछले हफ्ते गोली चलाकर सुनार की दुकान से 33 लाख रुपए का सोना गैंगस्टर रजत मल्होत्रा उर्फ करण मस्ती ने लूटा था। उसके दो गुर्गों जॉनी कपूर निवासी छेहर्टा व योगेश निवासी गली शिवाला कोतवाली को शुक्रवार को पुलिस ने पकड़ लिया। उनसे एक पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, 980 ग्राम चांदी और बाइक बरामद हुई। फिलहाल गैंगस्टर मस्ती और इस वारदात में शामिल रहे उसके 4 साथी पकड़ से बाहर हैं। लूटा गया सोना उन्हीं के पास है।
डीसीपी जगमोहन सिंह ने बताया कि मजीठ मंडी के करण मस्ती ने 10 मई की रात गुरु बाजार में प्रताप सिंह मराठा की दुकान में मौजूद उसके कर्मचारी रमेश को गोली मारकर एक किलो से ज्यादा सोना, एक किलो चांदी व 2 लाख रुपए नकद लूट लिए थे। वारदात में जॉनी और योगेश के अलावा उसके साथ अमनप्रीत सिंह व अंग्रेज सिंह निवासी फतह सिंह काॅलोनी और नवनीत सिंह व नरिंदर सिंह निवासी कटड़ा आहलूवालिया शामिल थे। बाजार में एक दुकान पर काम करने वाले दलजीत नामक युवक का नाम भी इसमें आया। सोना लूटने करण मस्ती खुद दुकान पर गया, जबकि साथी बाइक पर इंतजार करते रहे।
जग्गू भगवानपुरिया का साथी है करण मस्ती
करण मस्ती गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का साथी है। उस पर हत्या प्रयास, फिरौती, लूटपाट, जुआ, लड़ाई-झगड़ा और गोलियां चलाकर दहशत फैलाने के आरोप में कई केस दर्ज हैं। पुलिस ने नवंबर 2017 में उसे गिरफ्तार किया था। 29 जनवरी 2018 को अमृतसर कचहरी में पेशी के लिए लाते समय वह पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग गया था। गुरु बाजार की वारदात के पीछे उसका हाथ होने से स्पष्ट हो गया है कि वह अमृतसर में ही मौजूद है और पुलिस उसे 4 महीने बाद भी पकड़ नहीं सकी है।