पर्यावरण मंत्री ओपी सोनी को 75 से ज्यादा एसोसिएशनों ने सम्मानित किया।
अमृतसर | इंडस्ट्री को पॉल्युशन बोर्ड से एनओसी लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। चंडीगढ़ में बोर्ड के अधिकारियों को मीटिंग के दौरान आदेश दिए हैं कि 15 वर्किंग डेज में एनओसी जारी कर दी जाएं, देरी होने पर संबंधित एक्सईएन जवाबदेह होगा। पंजाब में कोई भी इंडस्ट्री बंद नहीं होने देंगे। ये भरोसा स्कूल एजुकेशन व पर्यावरण मंत्री ओपी सोनी ने रविवार को पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह के दौरान दिलाया। इस दौरान पंजाब भर की 75 से ज्यादा इंडस्ट्री और ट्रेड एसोसिएशनों ने सोनी को सम्मानित किया। सोनी ने कहा कि उन्होंने ईंट-भट्ठे वालों को भी कहा था कि उनकी चिमनियों से काला नहीं चिट्टा धुआं निकलना चाहिए।
शुगर मिल मामले की एक-दो दिन में रिपोर्ट आएगी
ब्यास दरिया में चड्ढा शुगर इंडस्ट्री से शीरा लीक होने के कारण भारी तादाद में मछलियां मरने के मामले पर सोनी ने कहा कि शनिवार-रविवार की छुट्टी होने की वजह से एक-दो दिन में रिपोर्ट आ जाएगी। अगर इंडस्ट्री की गलती बड़े स्तर की पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
कारोबार जगत में उत्साह : मंडल के प्रधान प्यारा लाल सेठ ने कहा कि सोनी के कैबिनेट मंत्री बनने से उद्योग और व्यापार जगत में खासा उत्साह है। इस मौके पर पार्षद विकास सोनी, पार्षद राजकंवलप्रीत लक्की, अश्विनी पप्पू, कृष्ण शर्मा कुक्कू, रंजन अग्रवाल आदि मौज्ूद थे।