अमृतसर | कर्नाटक में कांग्रेस के समर्थन से जद (एस) सरकार के 23 मई को होने जा रहे शपथ ग्रहण समारोह की खुशी में रविवार को कांग्रेस भवन में लड्डू बांटे गए। कांग्रेसियों ने जिला शहरी प्रधान जुगल किशोर शर्मा का मुंह मीठा करवाया। शर्मा ने कहा कि कर्नाटक चुनाव के नतीजों ने साबित कर दिया है कि अब देश कांग्रेस नहीं, बल्कि भाजपा से मुक्त होगा। जिस तरह भाजपा ने कर्नाटक में जनमत को अनदेखा कर सत्ता हथियाने की कोशिश की, उससे उसका लोकतंत्र की दुहाई देने वाला चेहरा नंगा हो गया है। अल्पमत में होने के बावजूद सत्ता हथियाने चली भाजपा को अब मुंह की खानी पड़ी है। इस मौके पर पार्षद राजेश मदान, गिरीश शर्मा, पार्षद संदीप रिंका, राम लाल, जगदीश शर्मा, विनोद किटी, पवन शर्मा, दीपक शर्मा आदि मौजूद थे।