अमृतसर | मजीठा रोड स्थित विभिन्न इलाकों में गैरकानूनी तरीके से बिकने वाले नशे की रोकथाम के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा एकजुट होकर नशे के खिलाफ रोष मार्च निकालते हुए प्रदर्शन किया गया। वार्ड नंबर 13 के इलाके श्री राम एवेन्यू, शेर-ए-पंजाब एवेन्यू, इंदिरा कॉलोनी में निकाले गए रोष मार्च को पूर्व मंत्री अनिल जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नशे की बिक्री व सेवन करने वालों की बढ़ती संख्या पर चिंता जाहिर की। नशे के खिलाफ राष्ट्रीय नौजवान सोशल एंड स्पोर्ट्स सोसायटी, हिमजन एकता मंच, लेडी केयर टेक्निकल एजुकेशन सोसायटी के पदाधिकारियों, मेंबरों व बड़ी संख्या में इलाकावासियों ने बढ़ चढ़कर भाग लेते हुए नशे की बिक्री व सेवन करने वालों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और नशा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने के लिए प्रशासन को मांग की।