बेअदबी मामले की जांच को लेकर पहली बार अमृतसर पहुंचा जस्टिस रणजीत सिंह कमीशन
भास्कर न्यूज | अजनाला/अमृतसर
पिछली सरकार के दौर में सूबे में जगह-जगह हुई श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों तथा गुटका साहिब की बेअदबी मामले की जांच के लिए गठित जस्टिस रणजीत सिंह कमीशन ने पहली बार अमृतसर का रुख किया है। मंगलवार को कमीशन की टीम ने पुलिस बल के साथ तहसील अजनाला के गांवों भिट्टेवड तथा हरदो पुतली का दौरा किया।
जस्टिस रणजीत सिंह के नेतृत्व वाली टीम के साथ एसपी डी हरपाल सिंह, डीएसपी रविंदर पाल सिंह तथा थाना झंडेर के एसएचओ हरपाल सिंह मौजूद रहे। बताते चलें कि हरदो पुतली में साल 2015 तथा भिट्टेवड में 2016 के दौरान गलियों में गुटका साहिब के अंग बिखरे पाए गए थे। इस तरह की घटनाएं उस दौरान पूरे सूबे में हुई थीं और तत्कालीन-अकाली भाजपा सरकार की खासी किरकिरी हुई थी।
फिलहाल इसके बाद उक्त कमीशन का गठन किया गया ताकि घटनाओं की हकीकत जानते हुए उसकी तह तक पहुंचा जा सके। वर्णनीय है कि कमीशन बेअदबी मामले को लेकर विगत में अकाली दल के प्रधान तथा पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल एवं भाजपा के पूर्व प्रधान विजय सांपला से भी जवाब तलब कर चुका है। इन लोगों ने ऐसी घटनाओं के पीछे विदेशी ताकतों के हाथ होने की बात कही थी। खैर, यहां पर सभी गवाहों से एकांत में बारी-बारी से बयान लिए गए। जस्टिस का कहना है कि इस रिपोर्ट को वह लोग सरकार को सौंपेंगे और उसके बाद बनती कार्रवाई होगी।