सीएम से मीटिंग से पहले आंगनबाड़ी वर्करों ने दीनानगर में थाली खड़का प्रदर्शन किया।
अमृतसर | मुख्यमंत्री कैप्टन के साथ आंगनबाड़ी वर्कर्स की मीटिंग के बाद वीरवार दोपहर बाद आंगनबाड़ी वर्करों ने शिक्षा मंत्री ओपी सोनी के घर के बाहर चार दिनों से चल रहा धरना उठा लिया। यूनियन प्रधान हर गोबिंद कौर के नेतृत्व में पांच सदस्यीय शिष्टमंडल वीरवार सुबह सीएम से मिला। मुख्यमंत्री के यह विश्वास दिलाने के बाद कि शाहकोट’उपचुनाव के बाद समस्याओं का हल कर दिया जाएगा, धरना खत्म कर दिया गया। उधर पंजाब प्रधान हरगोबिंद कौर ने कहा है कि वर्करों की मांग को लेकर बठिंडा में चल रहा 109 दिन पुराना धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों को जून के पहले हफ्ते तक पूरा करने का विश्वास दिलाया है। अगर इन्हें पूरा ना किया गया तो अगला प्रोग्राम तैयार किया जाएगा।
दीनानगर में अरुणा चौधरी के घर के बाहर थालियां बजाईं
दीनानगर | सीएम के आश्वासन के बाद 20 मई से शाहकोट हलके में घर-घर जाकर सरकार के खिलाफ प्रचार करने के कार्यक्रम को भी रद कर दिया गया है। इससे पहले दीनानगर में अरुणा चौधरी के निवास के बाहर वीरवार को श्री हरगोबिंदपुर, डेरा बाबा नानक और पठानकोट ब्लाक की आंगनवाड़ी वर्कर्स और वालंटियर्स भूख हड़ताल पर बैठीं ओर थालियां खड़का प्रदर्शन किया। चौथे दिन कैबिनेट मंत्री अरूणा चौधरी के नाम जिला पठानकोट की प्रधान संगीता शर्मा के खून से लिखा पत्र नायब तहसीलदार महिंदर पाल को सौंपा गया। जिला गुरदासपुर प्रधान कुलमीत कौर ने बताया कि यदि सीएम से मीटिंग में कोई हल न निकला तो जून महीने में अगली रणनीति बनाई जाएगी।