अमृतसर | डीजे पर नाचते हुए गोली चलाकर युवक की हत्या करने के दोषी पाए गए गुरजीत सिंह निवासी गांव हरड़ खुर्द को जज सरबजीत सिंह की अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। वारदात 12 मार्च 2016 की है। पुलिस शिकायत में गांव पंडोरी के सुक्खा सिंह ने बताया था कि उसके मामा के बेटे जुगराज की शादी से एक रात पहले घर पर डीजे प्रोग्राम चल रहा था। रात को सभी लोग डीजे पर नाच रहे थे। उसका भाई प्रभजीत सिंह सीढ़ियों में खड़ा था। दोषी गुरजीत सिंह पहले काफी देर तक बैठा शराब पीता रहा। नशे में धुत होने के बाद उसने आकर नाचना शुरू कर दिया। इसी दौरान दोषी ने अपना पिस्टल निकाला और भाई की तरफ करके सीधा फायर निकाल दिया। गोली जाकर सिर पर जा लगी और उसकी मौत हो गई।