लंबित पुलों के निर्माण में सांसद ने की पहल
क्षेत्रीय सांसद मौलाना असरारूल हक ने अमौर प्रखंड क्षेत्र में वर्षों से लंबित पुलों के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने की दिशा में सकारात्मक पहल की है। सांसद ने प्रधान सचिव ग्रामीण कार्य विभाग पटना से मिलकर स्थिति से अवगत कराया है तथा निर्माण कार्य में अभिकर्ता द्वारा बरती जा रही शिथिलता से संबंधित ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि किशनगंज संसदीय क्षेत्र के पूर्णिया जिलांतर्गत अमौर प्रखंड में विभिन्न प्रधानमंत्री गैपिंग पुल का कार्य 2014 एवं 2015 में प्रारंभ किया गया था। जो अभी तक कहीं कार्य प्रारंभ कर छोड़ दिया गया है तो कहीं निर्माण कार्य प्रारंभ ही नहीं हुआ है। जिससे आमजनों में काफी आक्रोश है। लंबित गैपिंग पुलों में हरिपुर से मलहाना मार्ग में खाड़ी पुल, एनएच 57 कसबा से गेरूआ मालोपाड़ा पथ में बम्मा धार, रसेली घाट, डकैता धार, पुलकट्टा धार पुल शामिल है।
जनहित में कर्बला पुल का निर्माण जरूरी
सांसद ने एक अन्य ज्ञापन में कहा है कि गत वर्ष आयी भीषण बाढ़ में एसएच 99 बायसी बहादुरगंज पथ में बैसा प्रखंड के शीशाबाड़ी करबला हाट के निकट पुल ध्वस्त हो गया है। जिस कारण इस मार्ग पर आवागमन पूर्ण रूप से बाधित है। समय रहते यदि यहां पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो इस क्षेत्र के लोगों का प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क पूर्ण रूप से कट जाएगा।