बकानिया बरेली पंचायत अंतर्गत हटगाछी गांव में भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज अमौर रेफरल अस्पताल में चल रहा है। एक पक्ष से गंभीर रूप से घायलों में सरफराज उम्र 35 वर्ष, सहवाग उम्र 30 वर्ष, अब्दुल हकीम उम्र 62वर्ष और फिरोज गंभीर रूप से घायल है। घायल अब्दुल हकीम ने बताया कि मोहम्मद मोइन एवं अन्य लोगों से पूर्व से जमीन विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह उसके जमीन में लगे पेड़ को मोईन, मजहर, मुजफ्फर, इजहर सभी पिता मोईन ग्राम हटगाछी सहित उनके पराजनों ने मिलकर जोर जबरदस्ती करते हुए काटना शुरु कर दिया। हम लोगों द्वारा रोकने पर मोहित एवं अयूब एवं मोदी ने अपने परिजनों को आदेश देते हुए कहा कि जो भी पेड़ काटने से रोकने आता है, उसे जान से मार दो। उन लोगों के इतना कहते ही उनके परिजन हरवे हथियार से हम लोगों पर टूट पड़े और हम लोगों को गंभीर रुप से घायल कर दिया। इसी बीच हंगामा होते देख ग्रामीणों के पहुंचते ही सभी फरार हो गए।