महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष बनीं हल्यानी हेम्ब्रम
मनोहरपुर| मंगलवार को आनंदपुर प्रखंड के हरता गांव में आजीविका महिला ग्राम संगठन कार्यालय का उदघाटन किया गया। ग्राम मुंडा जगनन्दन साय ने कार्यालय का उद्घाटन किया। जेएसएलपीएस के सीनियर सीआरपी बेबी महतो ने कहा कि महिलाएं समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बने तथा परिवार के विकास में भागीदार बनें। जानकारी के अनुसार हरता की नौ महिला स्वयं सहायता समूह एवं पेटिगढ़ा गांव की दो महिला स्वयं सहायता समूह को मिलाकर महिला ग्राम संगठन का चुनाव भी किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से हल्यानी हेम्ब्रम को अध्यक्ष, सुलामी लुगुन को सचिव, कलावती देवी को कोषाध्यक्ष एवं खुशबू देवी को पुस्तिका संचालक चुना गया। जबकि कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भुवनेश्वरी देवी, पार्वती देवी, उर्मिला देवी, फुलमनी देवी, नेत्रवती देवी का चयन किया गया। इस मौके पर प्रगति महिला समूह, बनफूल महिला समूह, शांतिवृद्ध महिला समूह, गुलाब महिला समूह, कमल महिला समूह, सुमन महिला समूह, रोशनी महिला समूह, आशा महिला समूह, सूरज महिला समूह, विकास महिला समूहों की सदस्य के अलावा काफी ग्रामीण उपस्थित थे।