हथियारों से लैस युवाओं ने किया कर्मी पर हमला
भास्कर संवाददाता|कीरतपुर साहिब
बीबीएमबी कोटला पावर हाउस में एक गेट पर तैनात कर्मचारी पर मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हथियारों से लैस आधा दर्जन युवाओं ने जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बीबीएमबी के अन्य कर्मचारी उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब में ले गए। हमले में जख्मी कर्मचारी कृष्ण कुमार (47) पुत्र गुरदास राम गांव निक्कूबाल का रहने वाला है। हमलावार घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
हमला रंजिशन बताया जा रहा है। बैसाखी वाले दिन उक्त युवा अपनी गाड़ी में कोटला से झिंजड़ी की ओर जाने वाली भाखड़ा नहर की पटड़ी पर आए और कृष्ण कुमार को कोटला के पास नगर की पटड़ी का बंद गेट खोलने को कहा। इस पर कृष्ण कुमार ने यह कहकर गेट खेलने से इनकार कर दिया कि यह रास्ता सिर्फ सरकारी वाहनों के लिए है। यहां से प्राइवेट गाड़ियाें को नहीं भेजा जा सकता है। इसके बाद उक्त युवाओं ने उक्त कर्मचारी से गाली गलौज की। इसके बाद युवक धमकियां देते हुए वहां से चले गए। इसके बाद कर्मचारी ने अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस थाना आनंदपुर साहिब में लिखित शिकायत दी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसएचओ आनंदपुर साहिब भी घटनास्थल पर पहुंच गए और सारी स्थिति का जायजा लिया। एसएचओ पवन चौधरी ने कहा कि जख्मी कर्मखरी कृष्ण कुमार के बयान के आधार पर 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फरार हमलावरों की तलाशी की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
कोटला पावर हाउस के अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को भी उक्त कर्मचारी पर हुए हमले के मामले को ध्यान में ला दिया है। हमले के बाद बीबीएमबी कर्मियों में भी डर का माहौल है।
बैसाखी पर्व पर हुआ था हमलावरों का गेट खोलने को लेकर कर्मी से विवाद
अस्पताल में भर्ती हमले में जख्मी का गेट ऑपरेटर।