शिवनाथ पर बन रहे पुल से तीस गांवों के बीच की दूरियां घटा देगा। पंद्रह करोड़ की लागत से बन रहे इस पुल इन गांवों के ग्रामीणों को काफी राहत पहुंचाएगा। पुल का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है तथा इसके जल्द पूर्ण हो जाने की उम्मीद है। इस उच्च स्तरीय पुल की लंबाई लगभग आधा किलोमीटर और चौड़ाई आठ मीटर से भी ज्यादा है।
संभवत: इस बारिश के आगमन तक पुल पर आवागमन आरंभ हो जाएगा। चंगोरी, खांड़ा रूदा, निकुम, अंजोरा, भोथली, आलबरस, आमटी, विनायकपुर, चिंगरी, चंदखुरी, पीसेगांव, कोनारी, अछोटी, भरदा, कोनारी, अंडा, कुथरैल, कोलिहापुरी समेत अन्य गांवों के लिए शिवनाथ नदी पर बन रहा यह पुल वरदान साबित होने जा रहा है। अच्छी सड़कों की सुविधा रहते हुए भी बरसात के मौसम में शिवनाथ नदी में बाढ़ आने पर इन गांवों के बीच सड़क संपर्क लगभग टूट जाया करता था।
ग्रामीणों को लंबी दूरी तय कर एक से दूसरे गांव में जाना पड़ता था। इस फेर में ग्रामीणों के धन और समय का बड़ा अपव्यय होता था। सभी गांवों के ग्रामीण चंगोरी और खांड़ा रूदा के बीच शिवनाथ नदी पर पुल निर्माण की मांग करते आ रहे थे। कई विधायक आए और चले गए, लेकिन पुल का सपना पूरा नहीं हो पाया। ग्रामीणों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विधायक तथा छग शासन की मंत्री रमशीला साहू से भी पुल निर्माण की मांग की थी।