महिलाओं ने गाड़ी के आगे लेट जबरन रोका
पतरोड़ा| अनूपगढ़ विधायक शिमला बावरी को सोमवार को 11 पी के ग्रामीणों की नाराजगी झेलनी पड़ी। न्याय आपके द्वार शिविर मे पंहुची विधायक की गाड़ी को पंचायत भवन के सामने दस सूत्री मांगो को लेकर धरना दे रही महिलाओं ने घेर लिया। महिलाएं गाड़ी के आगे लेट गई तथा विधायक को खरी-खरी सुनाई। ग्रामीणों के विरोध के चलते आधे घंटे से अधिक समय तक विधायक शिमला बावरी, एसडीएम मनमोहण मीणा, तहसीलदार दानाराम सहित प्रशासन को धूप में खड़ा रहना पड़ा। विधायक व सरपंच ने धरना स्थल पर बिना सुरक्षा बलों के जाने से मना करने पर ग्रामीणों में रोष फेल गया। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन, विधायक, सरकार विरोधी नारे लगाते हुए रोष प्रकट किया। पुलिस उप अधीक्षक सोहनलाल बिश्नोई के दल सहित पहुंचने पर ग्रामीणों को समझाईश की जिसके बाद विधायक पतरोड़ा से बिना किसी वार्ता के रवाना हो गई। इस दौरान उप सरपंच बलविंद्र सिंह, पंचायत समिति सदस्य मंजु रानी, रामचंद्र बारुपाल, दीपक सोनी, महेंद्र दिवाला, राजू रामदासिया आदि नेता उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि यहां ग्रामीण कई दिन से दस सूत्री मांगों को लेकर धरने पर हैं। इन मांगों मेें बस स्टैंड पर यात्रियों के बैठने की व्यवस्था करने, बस स्टैंड पर डिग्गी में पेयजल कनेक्शन करवाकर नल लगवाने, ग्राम पंचायत में गौरव पथ सहित अन्य सड़कों का निर्माण करवाने, वन विभाग में व रामदेव मंदिर की तरफ बैठे लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाने, जिन किसानों के कैटल शैड स्वीकृत हैं, उन्हें तुरंत प्रभाव से बनवा कर देने, वाटरवर्क्स की खाळी का निर्माण करवाने, आंगनबाड़ी में बिजली की व्यवस्था, पतरोड़ा गांव की टूटी पुलियों का निर्माण तथा पेयजल पाइपों के लीकेज बंद करवाने की मांगें शामिल हैं।
शिविर मे काम हुए कम : पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार विकास अधिकारी, ग्राम सचिव के नहीं पहुंचने से अनेक लोगों को शिविर का लाभ नहीं मिल सका। राजस्व के सुनील सेतिया, गिरदावर व बसंती बेनीवाल पटवारी ने बताया कि शिविर में 40 इंतकाल, 11 शुद्धियां 15 नकलें, एक रास्ता प्रकरण निपटाए गए। एक विकलांग को ट्राई साइकिल सौंपी गई।