गेहूं, चना व सरसों की एक साथ तुलाई से संसाधन पड़ रहे कम
अंता. कस्बे की कृषि उपज मंडी में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार।
अंता| कस्बे में स्थित कृषि उपज मंडी में सरकारी तोल केंद्र पर चारों तरफ किसानों की भीड़ लग रही है।
कोई गेहूं तुलाना चाहता है, तो कोई चना तो कोई सरसों को पहले तोलने की बात कहता हुआ दिखाई दे रहा है। मंडी में कुछ दिनों से वापस चने व सरसों की खरीद शुरू होने के चलते तोल केंद्र पर विकट स्थिति बनती जा रही है। क्योंकि चने का उठाव नहीं होने के चलते केंद्र पर चने व सरसों की तुलाई बंद थी। दूसरी ओर गेहूं की सरकारी खरीद शुरू कर दी गई थी। इस दौरान चना नहीं आ रहा था। शुक्रवार से वापस चने व सरसों की खरीद शुरू होने के चलते मंडी में सरकारी तोल केंद्र पर मौजूद संसाधन कम पड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं किसान शिवराज सिंह सोलंकी, भंवरलाल सुमन, राधाकिशन नागर, नवनीत पंकज ने बताया कि कृषि उपज मंडी समिति की ओर से भी किसानों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। किसान पानी के लिए परेशान हैं। बड़ी संख्या में किसान सरकारी तोल केंद्र पर जिंस लेकर पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर रात में केंद्र पर या केंद्र के आसपास पर्याप्त रोशनी भी नहीं है।