ट्रक लूट के फरार आरोपी ने जमीन के लिए एक को पीटा, मीरगंज में भी मारपीट में एक जख्मी
बड़हरा थाना क्षेत्र के कुइया गांव में मंगलवार को पुलिस की नजर में फरार आरोपी ने लाठी-डंडे से एक युवक की पिटाई कर दी। पिटाई का आरोप बड़हरा ट्रक लूट कांड के मुख्य आरोपी घुरन पर लगा है। वह पुलिस की नजर में फरार है।
जख्मी का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कुइया गांव में पहले से ही दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। अपने हिस्से की मांग को लेकर स्थानीय गांव निवासी बबन शाह के पुत्र विष्णु शंकर को पड़ोसी अक्सर गालियां देते थे। मंगलवार को विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान ट्रक लूट कांड का आरोपी वहां पहुंचा और अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से विष्णु शंकर को जख्मी कर दिया।
जख्मी विष्णु शंकर को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। वही मारपीट की दूसरी घटना टाउन थाना क्षेत्र के मीरगंज मोहल्ले में घटी। मीरगंज निवासी स्वर्गीय पारस के पुत्र सत्येंद्र सिंह को नामजदों ने पीट-पीट कर जख्मी कर दिया।