धर्मावती नदी पुल पर बाइकों की टक्कर में एक गंभीर
सिटी रिपोर्टर | कोचस/परसथुआ
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थिति धर्मावती नदी पुल पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक बाइक सवार घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद के बाद पीएचसी में इलाज को लेकर भर्ती कराया गया। घायल युवक की पहचान परसथुआं ओपी क्षेत्र के सेखबहुआरा गांव के रहने वाले मोहम्मद दानिस (25) के रूप में हुई। पीएचसी चिकित्सक संग्राम सिंह ने गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज किया। उन्होंने बताया कि सिर में अधिक चोट के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बाहर रेफर कर दिया गया। मौके पर उपस्थित लोगों ने बताया कि नदी पुल पर उभरे बड़े-बड़े गड्ढे की वजह दो बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया, जिसमें एक बाइक पर एक सवार को गंभीर चोटें अाईं। वहीं उसकी बाइक बुरी तरह से बर्बाद हो गई। बाइक की टक्कर के बाद दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल होने के बावजूद अपनी बाइक लेकर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायल युवक से घटना की जानकारी जुटा घरवालों को सूचना दी। अस्पताल पहुंचे लोगों ने कहा कि सरकारी लापरवाही की वजह से जर्जर हो चुकी पुलिया पर कार्य नहीं कराया जा रहा है।