रजिस्ट्रेशन के लिए 2 की बजाए 5-10 रुपए लेने पर सदर अस्पताल में हंगामा
आरा| रजिस्ट्रेशन के नाम पर ज्यादा रकम वसूली के खिलाफ बुधवार को सदर अस्पताल के ओपीडी में जमकर हंगामा हुआ। कर्मी एवं मरीजों के परिजनों के बीच नोकझोंक हुई। परिजनों का आरोप था कि ओपीडी में रजिस्ट्रेशन के नाम पर 5 से 10 रुपए लिए जा रहे थे। जबकि लेना बस 2 रुपए है। मरीजों ने आरोप लगाया कि कर्मियों का व्यवहार भी ठीक नहीं है। इधर, हंंगामे की सूचना मिलते सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉक्टर सतीश सिन्हा मौके पर पहुंचे और मरीजों के परिजनों को शांत कराया। उन्होंने ज्यादा रजिस्ट्रेशन फी लेने वालों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। उल्लेखनीय है कि सदर अस्पताल में कर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही। दो दिन पहले एक महिला मरीज की पिटाई और दूसरे की देखरेख में कोताही बरती गई थी।