जाली कॉलेज बंद करने के लिए अनशन, पुलिस आई फिर भी डटे रहे अनशनकारी
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के परिसर में बुधवार को वीर कुंवर सिंह कॉलेज के सरकारी अनुदानभोगी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने चार वर्षों से जारी अवैध कॉलेज संचालन बंद करने काे लेकर आमरण अनशन पर बैठ गए। धरना स्थल को बदलने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के आदेश पर नवादा थाना को बुलाया गया और अनशकारियों काे धरना स्थल बदलने को कहा गया। लेकिन अनशकारी नहीं माने और वहीं बैठे रहे, बाद में विश्वविद्यालय प्रशासन को शिक्षकेतर कर्मचारियों के सामने झुकना पड़ा। शिक्षकेतर कर्मचारी निर्मल कुमार सिंह ने बताया कि हमलोग कई बार धरना व अनशन पर बैठे हैं। हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला है। कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन एवं गठित तदर्थ समिति की मिलीभगत से करोड़ोंं रुपए का गबन किया गया है। इसलिए कॉलेज के अवैध संचालन पर तत्काल रोक लगायी जाए। जांच की जाए तो ऐसे कई फर्जी कॉलेज मिलेंगे। बता दें कि बिक्रमगंज में भी बीते दिनों एक फर्जी कॉलेज का खुलासा हुआ था। कुलसचिव श्यामनंद झा ने कहा कि कुलपति के आश्वासन पर अनुसार सात दिन के अंदर विधायक व एसडीओ के साथ बैठक करके इस समस्या का निदान कर दिया जाएगा। इस भरोसे पर अनशनकारी मान गए और अनशन समाप्त कर दिया। मौके पर उमाशंकर सिंह, अनिल ओझा, प्रदीप कुमार सिंह, दिवाकर सिंह, राम कुमार सिंह, ललन सिंह थे।
तय जगह पर नहीं बैठे थे अनशनकारी, इसलिए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बुला ली पुलिस, अंत में विवि प्रबंधन को ही झुकना पड़ा, तब अनशन समाप्त हुआ
वीकेएसयू में आमरण अंशन पर बैठे वीर कुंवर सिंह कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी से वार्ता करते प्रॉक्टर अनवर इमाम व अन्य ।
आइसा ने शैक्षणिक संस्थानों पर हमले के खिलाफ की सभा
सिटी रिपोर्टर| आरा
आज छात्र संगठन आइसा ने शैक्षणिक संस्थानों पर हो रहे सुनियोजित हमले शिक्षा का भगवाकरण और रोजगार के अवसरों में व्यापक कटौती और विद्यार्थियों की भूमिका पर शाहाबाद स्तरीय कार्यशाला आयोजित किया। मौके पर विश्वविद्यालय के राधाकृष्णन सभागार में एक सभा हुई। संचालन आइसा के जिला सचिव शब्बीर ने किया। मौके पर आइसा के जीते हुए छात्रसंघ प्रतिनिधियों ने अपनी बातों को रखा। संबोधित करते हुए आइसा के के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय महासचिव संदीप सौरव ने कहा कि देशभर के शैक्षणिक संस्थानों में मोदी सरकार द्वारा भगवाकरण की नीति लागू करने की कोशिश की जा रही है। मौके पर शिव प्रकाश रंजन, जिलाध्यक्ष पप्पू, तारकेश्वर, दृष्टि राज, श्रेया अंशु, राज ,सुधीर ,अभिषेक ,रणधीर समेत काफी संख्या में छात्र मौजूद थे।