टाउन थाना के अहीरपुरवा सूर्य मंदिर के पास शनिवार को बाइक सवार ने खड़ी ऑटो में टक्कर मार दी। उस समय टेंपो से यात्री उतर रहे थे। इस घटना में 8 वर्षीय बच्ची समेत 5 लोग जख्मी हो गए। जिनमें बाइक सवार भी शामिल है। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की सहायता से सदर अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा और बड़ा होता है यदि पीछे से आ रही ट्रक के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक तत्काल नहीं लगाया होता। बताया जा रहा है कि कोइलवर थाना क्षेत्र के गिधा गांव से ऑटो पर सुनील पासवान अपनी बेटी रूबी कुमारी के साथ उसके इलाज के लिए आरा आ रहे थे। उनके साथ एक और सवारी भी था।इस दौरान अहीरपुरवा सूर्य मंदिर के पास ऑटो चालक पहुंचा और ऑटो को रोककर पैसेंजर को उतारने लगा। इसी बीच आरा की ओर से तेजी से बाइक सवार आया और पैसेंजर सहित टेंपो में टक्कर मार दी। जिसके कारण कोइलवर थाना क्षेत्र के गिधा निवासी सुनील पासवान एवं उसकी बेटी रूबी कुमारी ऑटो चालक कोइलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव निवासी पंकज कुमार बुरी तरह चपेट में आ गये। इधर मोटरसाइकिल सवार उदवंत नगर निवासी मुन्ना कुमार भी इस घटना में बुरी तरह जख्मी हो गया। सभी जख्मियों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीछे से आ रही थी ट्रक, चालक की होशियारी से बड़ा हादसा टला
जिस तरह से बीच सड़क पर दुर्घटना के बाद रूबी कुमारी उसका पिता कुमार एक अन्य यात्री, टेम्पो चालक एवं मोटरसाइकिल सवार मुन्ना गिरे थे। यदि जरा सी चूक होती तो हादसा और भयावह होता। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अहीरपुरवा सूर्य मंदिर के पास ऑटो और बाइक में हुई टक्कर के बाद सभी जख्मी आरा पटना मुख्य मार्ग पर सड़क पर गिरे थे। पीछे से एक ट्रक तेजी से पटना की ओर से आ रही थी।अचानक सड़क पर गिरे जख्मियों पर ट्रक चालक की नजर पड़ गयी। तेजी से इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को ट्रक चालक ने खड़ा कर दिया। महज 2 फीट की दूरी पर आकर ट्रक खड़ा हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ने सूझबूझ से काम नहीं लिया होता तो कई लोगों की मौत हो जाती।