टाउन थाना क्षेत्र के बरहबतरा गांव में 7 वर्षीय बालक गोली के ब्लॉस्ट से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घर के पास मिले राइफल की गोली को फोड़ने की कोशिश कर रहा था। तभी या घटना घटी। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बिहिया थाना क्षेत्र के झौवा गांव निवासी राजकिशोर का पुत्र राहुल कुमार अपनी मां पूनम देवी के साथ नाना शंकर पाल के घर आया हुआ था। शुक्रवार को घर के आगे खेलने के दौरान उसे एक राइफल की गोली मिली। उसने गोली पर कांटी रखकर हथौड़ी से वार करना शुरू किया। इसी बीच राहुल की मां पूनम देवी उर्फ फूलन देवी गांव घूमकर घर पहुंची। दरवाजे पर राहुल को हथौड़ी से प्रहार करते देखा तो उन्होंने मना किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद वह घर में चली गयी। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज हुयी। दौड़कर जब पूनम देवी बाहर आईं तो देखा कि उनके बच्चे के चेहरे पर कई जगह जख्म के निशान बन गए हैं। हाथ की अंगुली भी कट गई है। जख्मी बालक राहुल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। इस घटना को लेकर गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम था। हालांकि, इस संबंध में परिवार मुंह खोलने को तैयार नहीं है। उन्होंने पटाखा फटने की बात कही।
जख्मी बालक