जेल के अधीक्षक निरंजन पंडित को बम से उड़ाने की धमकी जेल से ही दी गई थी। एसपी द्वारा गठित टीम की जांच में यह बात सामने आई है। बड़े पैमाने पर छानबीन चल रही है। शुक्रवार से ही जांच में एसपी अवकाश कुमार की स्पेशल टीम जुटी हुई थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस को जो सबूत हाथ लगे हैं उसके अनुसार जेल के अंदर से ही एक अपराधी ने मोबाइल पर जेल अधीक्षक को धमकी दी थी।
फिलहाल पुलिस इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। आपको बता दें कि शुक्रवार की दोपहर करीब 12:30 बजे जेल अधीक्षक निरंजन पंडित के मोबाइल पर यह धमकी दी गई थी कि यदि तुमने अखिलेश उपाध्याय के खिलाफ कार्रवाई की तो तुम्हें बम से जेल गेट पर ही उड़ा दिया जाएगा। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था और आनन-फानन में जांच टीम गठित की गई थी। धमकी देने वाले ने अपना नाम छोटू राय बताया था। उस समय एसपी ने भी यह आशंका जाहिर की थी कि फेक नाम से धमकी दी गई होगी।