गड़हनी थाना क्षेत्र के खिपीरा गांव के पास बीती रात बदमाशों ने बारातियों के काफिले को रोककर जमकर पिटाई कर दिया। करीब एक दर्जन बारातियों को जख्मी कर दिया गया। साथ में बोलेरो सहित कई गाड़ियों का शीशा तोड़ डाला गया। बारात चरपोखरी थाना क्षेत्र के कोयल गांव से खोपिरा गांव जा रहा थी। घटना को लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी मची हुई थी। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को लगी। पुलिस पहुंची उससे पहले ही बदमाश भाग चुके थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात चरपोखरी थाना क्षेत्र के कोयला गांव से स्थानीय मुखिया के भतीजे की बारात खोपिरा गांव जा रही थी। तभी बीच रास्ते में अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ बदमाशों ने खोपिरा गांव से पहले सभी गाड़ियों को रूकवाया। इसके बाद बिना कुछ पूछे लाठी, हॉकी स्टिक, लोहे के रॉड आदि से बारातियों को पीटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने बोलेरों सहित कई गाड़ियों का शीशा तोड़ डाला। बारातियों ने आसपास के गांव में भाग कर अपनी जान बचायी। घटना की जानकारी लगने पर गड़हनी थाना की पुलिस को लगी पहुंची, तब तक बदमाश भाग चुके थे। जख्मी बारातियों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। इसके बाद बारात खोपिरा गांव पहुची। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि गाड़ी का शीशा तोड़ा गया है। किसके बीच झगड़ा हुआ है, इसका पता लगाया जा रहा है। घटना का कोई भी लिखित आवेदन मुझे नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।