कोइलवर थाना क्षेत्र के बागमझौवा गांव में राइफल चमका रहे पूर्व मुखिया से ग्रामीणों ने राइफल छीन ली। इस दौरान पूर्व मुखिया ग्रामीणों की पकड़ से छूटकर भाग निकला। दौरान हाथापाई भी हुई। जिसको लेकर काफी देर तक बाग मझौवा गांव में तनातनी का माहौल कायम रहा। घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच करते हुए पूर्व मुखिया की तलाश कर रही है।
पूर्व मुखिया सत्यजीत सिंह उर्फ मुन्ना सिंह पर पहले से भी कुछ केस दर्ज हैं। इस कड़ी में स्थानीय बागमझौवा गांव निवासी त्रिभुवन सिंह ने पूर्व मुखिया पर 5 लाख रूपए रंगदारी मांगने का आरोप भी लगाया है। दूसरी ओर, घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ने जांच के आदेश थानेदार को दे दिए हैं। राइफल को ग्रामीणों ने कोइलवर थाने को सुपुर्द कर दिया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गांव में पूर्व मुखिया मुन्ना सिंह राइफल लेकर एक पक्ष के लोगों से भिड़ गया था। इसी दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने पूर्व मुखिया मुन्ना सिंह को खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया। उनका राइफल भी छीन लिया। इस दौरान मुन्ना सिंह ग्रामीणों के चंगुल से भागने में अपने समर्थकों के साथ सफल रहा। बताया जा रहा है कि बरामद राइफल का लाइसेंस पूर्व मुखिया के पिता स्वर्गीय बबन सिंह के नाम पर है।
मांगी गई थी रंगदारी, दोनों तरफ से हुआ था केस
बागमझौवा के त्रिभुवन सिंह से 5 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की गई थी। इस मामले में त्रिभुवन सिंह ने एसपी को 16 मई को आवेदन देकर गुहार लगाई थी। रंगदारी मांगने का आरोप मुन्ना सिंह और गांव के करिया सिंह उर्फ जग्गू सिंह पर लगाया है। कहा है कि इन पर पहले से भी केस दर्ज है। एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। यदि रायफल अवैध होगा तो कार्रवाई होगी।