बिजली आपूर्ति प्रशाखा की लचर व्यवस्था और बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने पावर सबस्टेशन गड़हनी में हंगामा किया। काफी संख्या में ग्रामीण पावर सबस्टेशन में जुट गए। इस क्रम में बिजली विभाग के सहायक अभियंता के समक्ष शोर-शराबा व प्रदर्शन करते हुए समुचित बिजली आपूर्ति की मांग की। प्रदर्शनकारियों में अधिकतर बगवां गांव के थे।
ग्रामीणों ने लिखित शिकायत आवेदन भी दिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति प्रशाखा, गड़हनी में बिजली की कुव्यवस्था है। बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। कसाप फीडर में तार जर्जर होने से आये दिन टूटते रहता है। कई घंटा बिजली बाधित हो जाती है। ट्रांसफार्मर से बगवां गांव में कहीं भी अर्थिंग का तार नहीं गया है। जिससे चलते उपभोक्ताओं को 440 बोल्ट बिजली जलाना पड़ता है। जिसका नतीजा होता है कि आये दिन लोगों का पंखा व अन्य उपकरण जल जाता है। इसकी शिकायत कई बार सहायक अभियंता से किया गया। लेकिन, आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में एक आवेदन आरा सांसद व ऊर्जा मंत्री आरके सिंह को भी भेजा गया।