बेलगाम ट्रेलर दुकान में घुसा, बाल-बाल बचा दुकानदार
कोईलवर| आरा-छपरा फोरलेन पर दौलतपुर बोरिंग के समीप अनियंत्रित हो गिट्टी लदा ट्रेलर एक दुकान में जा घुसा जिससे दुकान में सोया दुकानदार बाल-बाल बच गया। मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात 2 बजे आरा-छपरा फोरलेन पर छपरा जा रही ट्रेलर अनियंत्रित होकर दौलतपुर बोरिंग के समीप शिव विनय शर्मा के फर्नीचर दुकान में घुस गया। दुकानदार की किस्मत अच्छी थी की जहां वह सोया था उससे ठीक एक फीट पहले ट्रेलर पाइलिंग से जा टीका। जिससे दुकानदार ट्रेलर के चपेट में आने से बच गया। एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के बाद ट्रेलर चालक अंधेरे का फायदा उठा भागने में कामयाब रहा। इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। विदित हो कि आरा-छपरा फोरलेन पर बेलगाम ट्रकों के रफ्तार से प्रतिदिन कोई ना कोई घटना हो रही है। दो दिन पूर्व ही राजापुर गांव के समीप अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत के बाद लोगो ने फोरलेन जाम कर बवाल काटा था।