नाच के दौरान फायरिंग की चपेट में आए किशोर की मौत, 2 जख्मी
थाना क्षेत्र के दुबवल गांव में सोमवार की रात बारात में नाच के दौरान मस्ती में की गयी ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग से छिटकी गोली पास खड़े तीन किशोरों को जा लगी। जिससे एक की मौत हो गयी। वहीं दो अन्य जख्मी हो गये। घटना के बाद बारात में भगदड़ मच गयी। मृतक 17 वर्षीय रमेश यादव था। वह दुबवल गांव के बरमेश्वर यादव का पुत्र था। वहीं जख्मी किशोरों में केश्वर सिंह के पुत्र विमलेश कुमार (16 वर्ष) और रामव्रत यादव के पुत्र प्रकाश यादव ( 17 वर्ष) का इलाज हो रहा है। बताया जाता है कि शामियाने में नर्तकियां मंच पर लटके-झटके दिखा रही थीं। लोग नाच देखने में मशगूल थे। इसी दौरान मस्ती में चूर हथियारबंद बारातियों ने दिखावे में फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच बंदूक की नली से निकले छर्रे छिटककर नाच देख रहे गांव के ही तीन किशोरोंं को जा लगे। तीनों को आनन-फानन में शाहपुर रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान रमेश की मौत हो गई। विमलेश और ओमप्रकाश को आरा रेफर कर दिया गया। गोलीबारी में मौत से बारात की रौनक फीकी पड़ गयी। खुशनुमा माहौल पर मातम पसर गया। फायरिंग करने वालों के होश उड़ गए और पिटाई के भय से बाइक पर सवार होकर भाग निकले। लोगों ने रोकने की कोशिश की थी।
शाहपुर के दुबवल में रोते-विलखते मृत किशोर के परिजन
6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
मारे गए किशोर रमेश यादव के चाचा जगदीश सिंह ने शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया है। जिसमें तीयर थाना क्षेत्र के उतरदाहा निवासी ललन महतो समेत 6 लोगों को नामजद किया गया है। आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। हालांकि, पुलिस को अभी सफलता हाथ नहीं लगी है।
तरारी के जेठवार गांव से आयी थी बारात
बताया जाता है कि सोमवार की रात तरारी थाना क्षेत्र के जेठवार गांव से शाहपुर थाना क्षेत्र के दुबौल गांव में बारात आयी थी। बारात में कई लोग लाइसेंसी व गैरलाइसेंसी हथियार लेकर आए थे। इन्हीं लोगों ने हथियार का ऐसा जानलेवा प्रदर्शन किया कि एक किशोर की जान चली गयी और दो जख्मी हो गए।
दो सप्ताह पहले भी नाच के दौरान फायरिंग व मारपीट में हो चुकी है दो मौत
मालूम हो कि दो सप्ताह पहले भी आरा के चंदवा और उदवंतनगर में शादी समारोह में नाच के दौरान फायरिंग और मारपीट में दो लोगों की मौत हो गयी थी।