वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में छात्र संघ कार्यालय का आवंटन अभी भी मुद्दा बना हुआ है। इसे लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र संघ में जिच बरकरार है। इस प्रकरण में विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने कुलसचिव से 19 मई का आदेश बदलने का आग्रह किया है। जिसमें कुलसचिव ने पत्र जारी कर विश्वविद्यालय परिसर अंतर्गत छात्र संघ कार्यालय के गेट से सटे दाहिने भाग (सबसे पश्चिम) वाला कमरा संकायवार चुने हुए छात्र प्रतिनिधियों को आवंटित करने का अादेश दिया है। दूसरी तरफ, विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष ने इस प्रकरण पर कुलसचिव से फोन पर बात की। अध्यक्ष के अनुसार कुलसचिव से कहा गया कि सेंट्रल पैनल के छात्र संघ के पदाधिकारियों के साथ अच्छा सलूक नहीं हो रहा है। आप से निवेदन है कि विश्वविद्यालय परिसर में कुछ ऐसी घटना नहीं घटे, जिससे विश्वविद्यालय को जवाब देना पड़े। आप जानते हैं कि विश्वविद्यालय में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अधिसूचना से साफ संकेत है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र संघ के हित में जरा भी नहीं सोचता है। इस अधिसूचना को रद्द कर दिया जाए। आप जानते हैं कि दोनों सगठनों के विचार कितने अलग-अलग हैं। आप ही सोचिए कि आपके चैम्बर में अगर सारे अधिकारियों को बैठाया जाए, तो आप को कैसा लगेगा? हम 5 प्रतिनिधि सेंट्रल पैनल में जीते हुए हैं और आपने मात्र 3 कमरा ही उपलब्ध कराया है। उसमें से आप एक कमरा को दूसरे को देने को कह रहे हैं, जिसके वे हकदार भी नहीं है। आप उनको उनके विभागों में कमरे दिलवाइये, इसमें छात्र संघ को कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन, कभी भी छात्र संघ अपने कार्यालय में उनकों जगह नहीं देगा। ऐसा होने पर छात्र संघ के सभी पदाधिकारी इसका विरोध करेंगे। समय रहते छात्र संघ का स्वरूप बचाने की जरूरत है।