वाणिज्य में शुरू करें नामांकन, सौंपा ज्ञापन
पूर्व आयोजित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नव निर्वाचित छात्र संघ नेताओं ने शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से अररिया कॉलेज में इंटर वाणिज्य विषय की पढ़ाई शुरू कराने की मांग की गयी है। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना के सचिव, जिला पदाधिकारी और अररिया महाविद्यालय के प्राचार्य को भी भेजा गया। छात्र संघ के महासचिव अजीत रंजन ने बताया कि जल्द हीं मैट्रिक परीक्षा का परिणाम आने वाला है। उसके बाद वाणिज्य विषय के विद्यार्थियों को फारबिसगंज कॉलेज का सहारा ही नहीं लेना पड़ेगा। इसलिए हम लोगों का बात अगर कॉलेज प्राचार्य एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी नहीं मानते हैं तो हम लोगों को मजबूरन सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा। इधर, छात्र संघ का ज्ञापन मिलते ही डीईओ अशोक कुमार मिश्र ने अररिया कॉलेज के प्राचार्य को पत्र लिखकर इस संबंध में अग्रतर कार्रवाई करने का आग्रह किया है। मालूम हो कि वर्ष 2016 से ही अररिया महाविद्यालय में वाणिज्य विषय के नामांकन ठप है। ज्ञापन सौंपने में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राहुल गुप्ता, दीपक कुमार मंडल, विकास कुमार मंडल,राजकुमार राज आदि भी मौजूद थे।