जोकीहाट विधानसभा उपचुनाव को लेकर पिछले लगभग एक महीने से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय तस्लीमुद्दीन के परिवार में उपजे कथित राजनीतिक कलह का पटाक्षेप आखिरकार हो गया। यही नहीं अब तो सारे गिले शिकवे भुलाकर राजद उम्मीदवार के बड़े भाई सांसद सरफराज आलम और उम्मीदवार के भतीजे सांसद पुत्र आमिर फराज उर्फ गुलाब ने चुनावी कमान भी संभाल ली है। गुरुवार को सांसद के पैतृक गांव सिसौना में आयोजित एक समारोह के दौरान सांसद और उनके पुत्र मंच पर दिखे तो राजद समर्थकों की ताकत और बढ़ गई। टिकट बंटवारे को लेकर बताया जा रहा था कि सांसद के पुत्र आमिर फराज उर्फ गुलाब राजद टिकट के प्रबल दावेदार थे। लेकिन राजद के आलाकमान ने स्वर्गीय तस्लीमुद्दीन की प|ी की बात सुनकर उनके सबसे छोटे पुत्र शाहनवाज आलम को उम्मीदवार बना दिया। सांसद ने कहा कि हमारी पारिवारिक एकजुटता पहले भी थी और आज भी है। उन्होंने कहा कि विरोधियों की यह साजिश थी और यह अफवाह फैलाया जा रहा था कि तस्लीम के परिवार में राजनीतिक कलह उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि अलहाज दिवंगत तस्लीम साहब जोकीहाट के बल पर राजनीतिक किए और आज हम लोग भी जोकीहाट की जनता के सामने हैं। निर्णय उन्हीं को करना है। वहीं राजद उम्मीदवार शहनवाज आलम ने कहा कि जोकीहाट की एक-एक जनता की वजह से तस्लीम का परिवार है।