28 मई को जोकीहाट में होने वाले विधानसभा उपचुनाव तैयारी की समीक्षा और मतदाता सूची कार्य की समीक्षा करने बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास गुरुवार को अररिया पहुंचे। उन्होंने समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। हालांकि इस बैठक में मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर रोक थी। लेकिन उसके बाद मिली जानकारी के अनुसार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को डीएम हिमांशु शर्मा ने चुनावी तैयारी और कोषांगों के कार्यों व उपलब्धियों से अवगत कराया।
डीएम ने कहा कि सभी कोषांग सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं। डीएम ने बताया कि उपचुनाव को लेकर 10 कम्पनी सीपीएमएफ मिलने की स्वीकृति मिली है। बैठक के बारे में एडीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची में मृत नाम रहना हमारे कामों पर सवालिया निशान लगाता है। इसलिए हर हाल में मतदाता सूची की मर्यादा बनाए रखने के लिए मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मतदान के दिन अपडेट मतदाता सूची मतदान कर्मियों और पोलिंग एजेंट के पास होना चाहिए। ताकि किसी प्रकार का कोई विवाद बूथ पर नहीं हो। उन्होने डीएम को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर व्यवस्था का जायजा ले लें।
जिला स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए: सीईओ ने कहा कि चुनाव को लेकर प्रयास करें कि सभी बूथ तक पारा मिलट्री फोर्स पहुंच जाएं। सीईओ ने सभी कोषांगों द्वारा अबतक की गई करवाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची को लेकर विस्तृत दिशानिर्देश भी जारी किया। सीईओ एचआर श्रीनिवास ने कहा कि 2011 के जनगणना में जिस लड़की और किशोरी की उम्र 10 साल, 11 साल थी। उसका पता कर इस बार के पुनरीक्षण में मतदाता सूची में उसका नाम अवश्य जुड़वाएं। इसके लिए उप निर्वाचन पदाधिकारी सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से संपर्क स्थापित कर अग्रेतर कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची में पुरुष और महिला का लिंग अनुपात बढ़ाने के लिए जिला स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। इस बैठक में एसपी धूरत शायली, डीडीसी रंजीता, एडीएम अमोद कुमार शरण, पीजीआरो शशि शेखर चौधरी, डीआरडीए निदेशक विद्यानंद सिंह, वरीय उपसमाहर्ता संजय कुमार, शंभू कुमार, डीपीआरओ मुकेश कुमार सिन्हा ,जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिरुद्ध प्रसाद यादव समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक करते बिहार के मुख्य निवार्चन पदाधिकारी।