पटना हाईकोट के न्यायमूर्ति और इंसपेक्टिंग जज बिरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय अररिया का निरीक्षण किया। जज बिरेंद्र कुमार गुरुवार को ही अररिया पहुंचे थे। रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार की सुबह न्यायालय परिसर पहुंचकर न्यायालय के कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर समस्याओं को सुना। उन्होंने अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय रजनीश कुमार श्रीवास्तव के न्यायालय में बेंच पर बैठकर चल रही कार्रवाई का जायजा लिया। इंसपेक्टिंग जज आम रास्ते से होकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय पहुंचे और न्यायिक कार्यवाही की अंतिम पंक्ति में बैठकर सुना। इसके बाद आम जनता की तरह बिना किसी बॉडीगार्ड के ऑफिस-ऑफिस घूमते हुए अपनी पैनी निगाह से दैनिक कार्यवाही का जायजा लिया।