जोकीहाट विधानसभा उपचुनाव को लेकर अब तक हुई तैयारी और चल रहे प्रशासनिक कार्रवाई का जायजा लेने सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त और पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी अररिया पहुंचे। आयुक्त टीएन विंधेश्वरी और डीआईजी सौरभ कुमार सबसे पहले सर्किट हाउस पहुंचकर डीएम-एसपी और प्रेक्षकों के साथ चुनाव को लेकर चर्चा की। इसके बाद चुनावी तैयारी को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इससे पहले कमिश्नर और डीआईजी को पुलिस जवानों ने सलामी दी। बैठक के दौरान सबसे पहले जिला निर्वाचन पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने कमिश्नर टीएन विंधेश्वरी और डीआईजी सौरभ कुमार का स्वागत किया।
331 में 79 मतदान केंद्र अति संवेदनशील चिन्हित
डीएम हिमांशु शर्मा ने बैठक के दौरान बताया कि गठित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी और प्रभारी पदाधिकारी सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कमिश्नर और डीआईजी को बताया कि जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र के सहायक मतदान केंद्र समेत 331 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। 28 मई को होने वाले मतदान के लिए 24 फीसद मतदान केंद्रों को अर्थात 79 मतदान केंद्र को प्रशासन के स्तर से वलनेरेबल के रूप में चिन्हित किया गया है। जबकि 90 क्षेत्र वनरेबेल होंगे। उन्होंने बताया कि 3175 वोटरों की पहचान प्रशासन के स्तर से की गई है। निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराने की पद्धति दोहराते हुए डीएम ने कहा कि अर्धसैनिक बलों की कंपनी आनी शुरू हो गई है।