अरियरी प्रखंड क्षेत्र के हनुमानगंज गांव में अवस्थित स्थित सरकारी सामुदायिक भवन पर कुछ ग्रामीणों द्वारा अवैध कब्जा कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है । प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर उपर्युक्त स्थल की जांच करने हेतु प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने हनुमानगंज गांव पहुंच कर सरकारी सामुदायिक भवन की जांच पड़ताल की । उन्होंने सामुदायिक भवन पर कब्जे की शिकायत को सही पाते हुए अपना जांच प्रतिवेदन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी निरंजन कुमार ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर जल्द ही कार्रवाई करने की बात कही है। कार्यालय प्रखंड कृषि पदाधिकारी के जांच प्रतिवेदन के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के हनुमानगंज गांव स्थित सरकारी सामुदायिक भवन का निर्माण लगभग 20 वर्ष पूर्व प्रथम तल्ला पूर्व मुखिया के फंड से एवं दूसरे तल्ले का निर्माण एमएलसी फंड से कराया गया था। सामुदायिक भवन के निर्माण के बाद भी जमीन दाता ही इस पर अपना कब्जा जमाये हुए है।