शेखपुरा-ससबहना सड़क मार्ग पर एक बाइक सवार युवक ने सड़क किनारे जा रहे वृद्ध को ठोकर मारकर घायल कर दिया। इस दौरान बाइक पर सवार युवक भी सड़क किनारे गिर पड़ा। इसी क्रम में तेज गति से आ रही एक मारुति वैन ने बाइक में ठोकर मार दी। इस घटना में बाइक करीब दस फुट घिसट कर वैन में फंस गया। अचानक घटी इस घटना में जहां बाइक की ठोकर से लोगों ने घायल वृद्ध बनवारी पासवान को इलाज हेतू ले गए। वहीं कुछ लोग इस घटना में मारुति वैन के चालक को सड़क दुर्घटना का दोषी बताते हुए उससे उलझ पड़े। इसकी सूचना बाइक सवार के ग्रामीणों यानि जंगली बीघा के लोगों को मिली। इसके बाद जंगली बीघा के लोगों ने उसे अपने कब्जे में लेकर बंधक बना लिया। बाद में घटना स्थल पर पहुंचे कसार थानाध्यक्ष सुरेश रजक ने चालक को छुड़ाया। इसकी भनक ग्रामीणों को लगी तो बड़ी संख्या में पहुंचे महिलाओं और पुरुषों ने पुलिस के कब्जे से मारुति वैन के चालक को छुड़ाकर अपने कब्जे के लेकर जंगली बीघा गांव चले गए। आनन- फानन में कसार थानाध्यक्ष ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी। जिसके बाद अरियरी, कोसुम्भा, महुली एवं कसार थाना पुलिस बल ने जंगली बीघा गांव पहुंचकर बंधक बने चालक को छुड़ाकर उसे अपने कब्जे में ले लिया। घटना करीब सात बजे शाम को घटी।
हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
नशे में धुत था चालक | इस बाबत कसार थानाध्यक्ष ने बताया कि जंगली बीघा गांव का रहने वाला बाइक चालक नशे में धुत था। घटना में उसे हल्की चोट आई है। घटना के बाद उसे बुलाया जाता रहा, लेकिन वह नहीं आया। इस संबंध में बाइक चालक के द्वारा कोई प्राथमिकी भी दर्ज नहीं कराई गई है।
आसपास के तीन गांव
में बढ़ रहा था तनाव
इस घटना में अरियरी गांव के महुएत निवासी राहगीर बनवारी पासवान बाइक से धक्का लगने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में गिर जाने से उनका हाथ और पांव टूट गया। इससे महुएत गांव के लोग इस घटना को लेकर आक्रोशित थे। वहीं बाइक सवार और मारुति वैन के चालक के बीच हुए विवाद के बाद बढ़ते घटनाक्रम के कारण जंगली बीघा और भौआर गांव के ग्रामीणों के बीच तनाव बढ़ रहा था।
इलाज हेतु वृद्ध को पुलिस लाई सदर अस्पताल| सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए बनवारी पासवान को इलाज हेतू सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर रहने के कारण उनके परिजनों द्वारा उन्हें निजी क्लिनिक ले गए।