पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Patna
  • नाला बनाने को लेकर दो पक्षों में रोड़ेबाजी और कई राउंड फायरिंग

नाला बनाने को लेकर दो पक्षों में रोड़ेबाजी और कई राउंड फायरिंग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर| शेखपुरा/अरियरी।

अरियरी थाना क्षेत्र के तेलडीह गांव में नाला निर्माण के विवाद ने आखिरकार विकराल रूप धारण कर लिया। लंबे अरसे से चल रहे इस विवाद के दौरान पहले तो सोमवार की देर रात्रि दो पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई और फिर मंगलवार की अहले सुबह दोनों पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी होने लगी। इस घटना के दौरान देखते ही देखते फिर ताबड़तोड़ फायरिंग की जाने लगी।फायरिंग की इस घटना से गांव में काफी समय तक रह-रहकर गोलियों की आवाज गूंजती रही। बताया जाता है कि इस दौरान दर्जनों राउंड गोलियां चलाई गई। इस घटना के दौरान गांव के अन्य टोलों के लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने के बाद भी घरों से फायरिंग की गई। इस घटना के पश्चात बड़ी संख्या में पुलिस बलों के पहुंचने के पश्चात स्थिति पर काबू पाया जा सका और फिर कई घरों की तलाशी ली गई। इस दौरान पूछताछ के लिए 5 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि राजेश यादव नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।

गोइठा ठोकने के दौरान गाली-गलौज से बिगड़ा माहौल

नाला निर्माण के चल रहे विवाद के बीच लगातार दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति जारी थी। इसी क्रम में मंगलवार की सुबह एक पक्ष की कुछ महिलाएं जब विद्यालय के निकट दीवार पर उपला (गोइठा) ठोक रही थी, तभी दूसरे पक्ष की महिलाएं उनके साथ गाली-गलौज करने लगी। जिसके बाद फिर मामला भड़क गया और देखते ही देखते गांव स्थित देवी स्थान के समीप का यह टोला पूरी तरह रणक्षेत्र में बदल गया।दोनों ओर से रोडे चलने लगे और हवाई फायरिंग की जाने लगी।

बड़ी संख्या में पुलिस बलों के पहुंचने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया

पुलिस के आने की खबर सुनकर हथियार के साथ भाग खड़े हुए हमलावर

पूरे घटनाक्रम में पुलिस के आने की खबर सुनते ही कई हमलावर हथियार लेकर गांव से भाग खड़े हुए। इस दौरान पुलिस कई घरों में छापेमारी कर रही थी। उस दौरान कई ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि जो लोग गोली चला रहे थे, वह हथियार के साथ गांव से दूर निकल गए हैं। हालांकि इस दौरान 5 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया।

स्थिति बिगड़ने वाले लोगों के विरुद्ध होगी कार्रवाई

इस पूरे मामले में कड़े तेवर अपनाते हुए एसपी दयाशंकर ने बताया कि गांव में स्थिति बिगाड़ने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी की कार्रवाई की जा रही है। घटना का मूल जड़ पुराना विवाद है। इस क्रम में मारपीट एवं रोड़ेबाजी की घटना हुई है, परंतु गोलीबारी की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। मामले की छानबीन की जा रही है।

रात्रि में भी स्थिति गरमाने के बाद पहुंची थी पुलिस

घटना से पहले बीती सोमवार की देर रात्रि भी दोनों पक्षों के बीच स्थिति गरमाने के बाद पुलिस को वहां पहुंचना पड़ा था। देर रात्रि की इस घटना के दौरान एक पक्ष की महिलाएं जब शौच के लिए खेतों की ओर जा रही थी, तब दूसरे पक्ष के लोग यह कहकर गाली देने लगे कि उनके खेतों में घुसकर आगे ना बढ़ा जाए और ना ही उन खेतों की मेड़ पर से महिलाएं आगे जाए। इसके बाद रात्रि में भी स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी।

कई घरों की ली गई तलाशी

मंगलवार की सुबह रोड़ेबाजी एवं गोलीबारी की घटना के पश्चात अरियरी थानाध्यक्ष रामकुमार पासवान, कसार थानाध्यक्ष सुरेश रजक के अलावे नगर थाना की पुलिस एवं दंगा निरोधक दस्ता गांव पहुंचा। इस क्रम में कई घरों की तलाशी ली गई। एक घर से संदिग्ध हालत में राजेश यादव नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। अन्य घरों के अधिकांश पुरुष सदस्य घर से नदारद थे। हथियार की खोजबीन को लेकर विद्यालय में रखे मवेशी के चारे समेत कई अन्य जगहों पर गहन तलाशी ली गई। हालांकि इस दौरान कोई भी हथियार बरामद नहीं किया जा सका।

खबरें और भी हैं...