पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बाजार सहित कॉलोनियों की सड़कों पर फैले अतिक्रमण से बाधित हो रहे रास्ते

बाजार सहित कॉलोनियों की सड़कों पर फैले अतिक्रमण से बाधित हो रहे रास्ते

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बे के प्रमुख चौराहों सहित ज्यादातर मार्गों पर अतिक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। ऐसे में लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते अतिक्रमण की स्थिति यह है कि लोग कहीं भी खाली जगह देखते हैं वहां अस्थाई कब्जे कर लेते हैं। कुछ समय बाद यह पक्के में बदल दिए जाते हैं।

इतना ही नहीं बाजार सहित सभी प्रमुख मार्गों पर स्थित प्रतिष्ठानों के मालिकों ने अपनी दुकानों के आगे टीनशेड लगाकर या फिर फुटपाथ तक सामान रखकर कब्जे कर लिए हैं। ऐसे में 12 से 15 फीट चौड़ी सड़कें महज 5 से 5 फीट ही रह गई है। जिम्मेदारों द्वारा समय- समय पर कार्रवाई नहीं करने से अतिक्रमणकारियों के हौसले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। इसका खामियाजा आम लोगों को परेशानियों के रूप में उठाना पड़ रहा है।

अतिक्रमण से दिन में रोजाना बनती है ट्रैफिक जाम की स्थिति, लोग परेशान

बीते साल जनवरी 2017 में हुई कार्रवाई के बाद फिर बढ़ने लगे कब्जे

मुख्य मार्गों से लेकर गलियों तक पसरा अतिक्रमण

कस्बे के सभी प्रमुख चौक व चौराहों और तिराहों सहित बस स्टैंड, रिजौदा रोड, अशोकनगर रोड, सिरोंज रोड आदि समेत गलियों में तक अतिक्रमण फैला हुआ है। इतना ही नहीं कॉलोनियों की गलियों में तक कब्जे बढ़ रहे हैं। जिम्मेदारों द्वारा ध्यान नहीं देने से समस्या खड़ी हो रही है। ऐसे में अब स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़कों पर फैले अतिक्रमण से लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

खरीदारी के लिए लोग लाते हैं वाहन, लेकिन नहीं है पार्किंग के इंतजाम

कस्बे के प्रमुख बाजार में दिन के समय होने वाली वाहनों की न तो नो- एंट्री रुकवाई गई और न ही बाजार में वाहनों की पार्किंग के लिए ही जगह दी उपलब्ध कराई गई है। जबकि इसके लिए कई बार लोग लिखकर शिकायतें भी कर चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी सुधार नहीं हो पा रहा है। बढ़ते अतिक्रमण और बिगड़ी पार्किंग व्यवस्था से 12 से 15 फीट चौड़ी मुख्य सड़कों पर दिन के समय खरीददारी के लिए आने वाले लोग जीप, कार, ऑटो और यहां तक कि ट्रैक्टर- ट्रॉलियां भी लेकर आते हैं। यह दोनों ओर दुकानों के सामने सड़कों किनारे ही वाहनों को खड़ा कर चले जाते हैं। ऐसे में बाजार में कई बार चार पहिया वाहनों से निकालना तो दूर दुपहिया वाहनों से तक गुजरने में तकलीफ होती है।

दास हनुमान मंदिर चौराहे पर मंगलवार को जम लगाने से स्थिति बेहद खराब हो गई थी जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा।

प्रशासन ने सालभर पहले की थी कार्रवाई

कस्बे में प्रशासन द्वारा करीब सालभर पूर्व अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई थी। प्रशासन द्वारा कार्रवाई के दौरान जिन जगहों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, वहां अब फिर से स्थिति बेहद खराब होकर पहले से भी ज्यादा बदतर हो गई है। सबसे अधिक परेशानी बैंक चौराहे और दास हनुमान मंदिर पर रहती है। दास हनुमान मंदिर के आसपास ठेलों के अतिक्रमण के कारण परेशानी बढ़ जाती है।

की जाएगी कार्रवाई

दास हनुमान चौराहा और प्रमुख बाजार में लगने वाले हाथ ठेलों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए हम प्रशासन और नगर परिषद से बात कर जल्दी ही कार्रवाई करेंगे। राकेश गुप्ता, थाना प्रभारी आरोन

खबरें और भी हैं...