असंध |लंबे समय से चली आ रही नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। धरने पर बैठे कर्मचारी दिन भर सरकार की नीतियों के खिलाफ व अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रोष का इजहार करते रहे। सफाई कर्मचारियों ने नगर के मुख्य मार्गों पर जुलूस निकाला व बाद में सालवन चौक पर मंत्री कविता जैन का पुतला फूंका। सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान कर्मबीर शर्मा ने आरोप लगाया है कि सरकार ठेका प्रथा जारी रखना चाहती है। इसलिए जानबूझकर सरकार हड़ताली कर्मचारियों के साथ बातचीत नहीं कर रही। प्रदेश के शहरों की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है जिससे बीमारियां फैलने का अंदेशा पैदा हो गया है। सीटू नेता सतबीर सिंधड़ ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।