सर्वशिक्षा अभियान कार्यालय के बार-बार निर्देश जारी किए जाने के वाबजूद यू-डायस प्रपत्र जमा नहीं करने वाले जिले के दो सीबीएसई से स्वीकृति प्राप्त निजी विद्यालय की मान्यता रद्द करने की सिफारिश केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय से की जाएगी। इस बाबत जानकारी देते हुए डीपीओ एसएसए अनिल कुमार ने बताया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी असरगंज के केएम एकेडमी तथा तारापुर के पारामाउंट एकेडमी, हवेली खड़गपुर के एसपीएस डीएवी पब्लिक स्कूल तथा मुंगेर के सरस्वती शिशु मंदिर सादीपुर के द्वारा यू-डायस प्रपत्र जमा नहीं किया गया था। लेकिन शनिवार की देर शाम तक दो विद्यालयों पारामाउंट एकेडमी तारापुर तथा सरस्वती शिशु मंदिर सादीपुर का प्रपत्र जमा हो गया। दो विद्यालय केएम एकेडमी असरगंज तथा एसपीएस डीएवी पब्लिक स्कूल हवेली खड़गपुर का यू-डायस प्रपत्र भी जमा नहीं हो पाया है। दोनों विद्यालय की मान्यता समाप्त करने के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय से सिफारिश की जाएगी।