असरगंज | सुल्तानगंज-देवघर मुख्य पथ पर रहमतपुर गांव के समीप बिजली का हाईटेंशन तार सड़क से मात्र 10 फीट उपर मौत बनकर लटक रहा है। जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। मालूम हो कि इस मार्ग से कांवरिया वाहनों सहित सैकड़ों गाड़ियां गुजरती हैं। बस की छत पर भी लोग यात्रा करते हैं। जिससे तार की चपेट में आने का खतरा बना रहता है। रहमतपुर पंचायत के सरपंच धर्मेंद्र यादव, राघवेंद्र सिंह, देवानंद यादव, विजय यादव आदि ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया। लेकिन, विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस संबंध में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता बबलू ठाकुर से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो पाई। बताते चलें कि 1 सप्ताह पूर्व तारापुर के लौना गांव के समीप हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे।